पौड़ी 24 अगस्त, 2026:पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पाबौ में तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का सोमवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने लोकार्पण किया। करीब पांच किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य पर 324.26 लाख रुपये की लागत आई है। मार्ग के डामरीकरण से भैंसवाड़ा, तुंगडुंडा, सिर्किल, कलुण समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक ने क्षेत्रवासियों को मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य की बधाई देते हुए कहा कि सड़क सुविधा क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत कड़ी है। मार्ग के डामरीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है। जिन गांवों तक सड़क पहुंच चुकी है, वहां सड़कों के डामरीकरण एवं आवश्यक सुधारीकरण कार्य भी प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल रहा है। बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी सुविधा होगी।
इस अवसर पर किसान आयोग सदस्य ओमप्रकाश जुगराण, सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना, कनिष्ठ अभियंता राखी कल्याण, विधायक प्रतिनिधि सुशील रावत सहित कमला पंत, मनोज जखमोला, राकेश रुडोला एवं अन्य उपस्थित रहे।