मसूरी। मसूरी की होनहार कराटे खिलाड़ी मीना रावत एक बार फिर उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन करने जा रही हैं। मीना 7 से 9 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया इंडिपेंडेंट कप-2026 में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से मसूरी सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
राज कराटे अकादमी के निदेशक एवं शिहान हेमराज शर्मा ने मीना रावत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मीना राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और मसूरी का गौरव बढ़ाएंगी।
शिहान हेमराज शर्मा ने बताया कि हाल ही में देहरादून में आयोजित राज्य कराटे चैंपियनशिप में मीना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया था। इस सफलता के बाद उनका आत्मविश्वास और अधिक मजबूत हुआ है तथा अब वह राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के संकल्प के साथ प्रतियोगिता में उतरेंगी।
उन्होंने कहा कि मीना रावत जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उनकी मेहनत और समर्पण यह संदेश देता है कि निरंतर अभ्यास और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
राज कराटे अकादमी परिवार, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं नगरवासियों ने मीना रावत को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी को उम्मीद है कि वह ऑल इंडिया इंडिपेंडेंट कप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और मसूरी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी।