देहरादून । विजय दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी देहरादून देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल से ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कारगिल के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने युवाओं से वीर सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण और समाजसेवा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल की और भारतीय सैनिकों ने राष्ट्र की आन, बान और शान की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, महिलाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच दौड़ते प्रतिभागियों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।
मैराथन का समापन गांधी पार्क में हुआ, जहां सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त कर्नल) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।