देहरादून। राजधानी देहरादून के वीआईपी क्षेत्र राजपुर रोड स्थित जाखन में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई जाखन स्थित थापा निवास वाली गली में की गई, जहां कपिल कपूर द्वारा प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
एमडीडीए के अनुसार विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के किया जा रहा है, जबकि नियमानुसार किसी भी आवासीय अथवा व्यावसायिक भवन के निर्माण से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है।
नोटिस के बावजूद जारी रहा निर्माण
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। क्षेत्रीय अधिकारियों और अभियंताओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवाने का प्रयास भी किया, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया।
इसके बाद एमडीडीए के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर अवर अभियंता सचिन तोमर, अवर अभियंता उमेश वर्मा तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजर के नेतृत्व में विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। साथ ही श्रमिकों को बाहर निकालकर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सील से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध निर्माण पर जारी रहेगा अभियान
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शहर के नियोजित विकास में बाधा बनने वाले किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित निर्माणकर्ता को पर्याप्त अवसर दिए गए, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि शहर के नियोजित विकास से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, नियमों का उल्लंघन करने पर भवन सील करने या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जाखन में की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अवैध निर्माण जारी रखना गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में देहरादून के अन्य क्षेत्रों में भी बिना मानचित्र स्वीकृति के चल रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।