आयुर्वेदिक चिकित्सा, योग एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में उमड़ी मरीजों की भीड़

कोटद्वार, 25 जून। आयुष मिशन के सौजन्य से  राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय उच्चीकृत कोटद्वार द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास, कोटद्वार में 23 जून से 25 जून 2026 तक तीन दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वन्तरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर पार्षद श्रीमती आरती खर्कवाल, पार्षद विपिन डोबरियाल, पार्षद हिमांशु वर्मा तथा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बालिका छात्रा संरक्षक श्रीमती सीमा रावत का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

शिविर के दौरान कुल 599 रोगियों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करते हुए निशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही रोगियों को योग संबंधी परामर्श देकर योगाभ्यास भी कराया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के अंतर्गत 24 रोगियों का ईसीजी परीक्षण तथा 495 रोगियों की शुगर एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजना पंत द्वारा 16 महिला रोगियों को स्थानिक पिचू चिकित्सा प्रदान की गई। वहीं चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष अग्रवाल द्वारा 2 रोगियों का एनोरेक्टल परीक्षण किया गया। डॉ. आशीष अग्रवाल, डॉ. अजय सिंह नेगी एवं डॉ. आराधना रावत द्वारा 62 रोगियों को मर्म चिकित्सा का लाभ दिया गया।

शिविर के सफल संचालन में फार्मेसी अधिकारी राजेश कुमार, स्टाफ नर्स अर्चना एवं बबीता, योग प्रशिक्षक सतीश कोहली और सुनील कुमार का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त आयुर्वेदिक कॉलेज की छात्राएं स्नेहा एवं निधि ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिविर में रोगियों को ओपीडी परामर्श, ईसीजी जांच, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर जांच, स्त्री रोग संबंधी स्थानिक कर्म, एनोरेक्टल परीक्षण, योग शिविर, औषधि वितरण सहित विभिन्न आयुर्वेदिक एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *