पौड़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, 180 प्रतिष्ठानों की जांच में 23 मामले पकड़े गए

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की रोकथाम हेतु आपूर्ति विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा होटल, ढाबों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नगर पालिका पौड़ी एवं संबंधित क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पौड़ी क्षेत्र में 17 होटल, ढाबों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 06 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पाए जाने पर कुल तेरह हजार आठ सौ रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में गठित टीम ने 03 गैस एजेंसियों तथा 25 होटल, ढाबों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 05 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पाए जाने पर कुल ग्यारह हजार पांच सौ रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में 14 होटल, ढाबों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां 05 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के मामले सामने आए, जिनमें 01 सिलेंडर पर तेइस सौ रुपये का चालान किया गया तथा 04 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। नगर पंचायत सतपुली एवं अमोठा क्षेत्र में 01 गैस एजेंसी तथा 11 होटल, ढाबों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 01 घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर तेइस सौ रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। बेदीखाल क्षेत्र में 06 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां 06 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कुल तेरह हजार आठ सौ रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त घुड़दौड़ी एवं कोट क्षेत्र में 11 होटल, ढाबों एवं प्रतिष्ठानों, पाबौ क्षेत्र में 01 गैस एजेंसी एवं 20 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, लक्ष्मणझूला क्षेत्र में 16 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, चैलूसैंण क्षेत्र में 06 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, चौबट्टाखाल एवं नौगांवखाल क्षेत्र में 20 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, उफरैंखाल क्षेत्र में 01 गैस एजेंसी एवं 06 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, त्रिपालीसैंण क्षेत्र में 15 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा लैन्सडाउन क्षेत्र में 01 गैस एजेंसी एवं 13 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद में कुल 07 गैस एजेंसियों का निरीक्षण तथा 180 होटल, ढाबों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। जांच में 23 घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग पाया गया, जिनमें 19 सिलेंडरों पर कुल तैंतालीस हजार आठ सौ रुपये की चालानी कार्रवाई की गई तथा 04 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *