अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने किया योग, दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

कोटद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न योग कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने सुबह रतनपुर ग्रास्टनगंज में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ योग किया तथा प्रतिभागियों को योग मैट वितरित किए। इसके बाद मालवीय उद्यान में भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

निम्बूचौड़ स्थित क्रेडल पब्लिक स्कूल में पतंजलि योग महिला समिति के कार्यक्रम में भी विधानसभा अध्यक्ष ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया भर में करोड़ों लोग योग को अपना रहे हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *