कोटद्वार।पुलिंडा मार्ग पर गुरुवार देर शाम हाथियों के बड़े झुंड के सड़क पर आ जाने से यातायात प्रभावित हो गया। करीब 15 से 16 हाथी जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंच गए और काफी देर तक वहीं विचरण करते दिखाई दिए ।
जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे कोटद्वार से लगभग तीन किलोमीटर आगे हाथियों का झुंड सड़क पर दिखाई दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
वन विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि सुबह और शाम के समय हाथियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए जंगल से सटे क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचना चाहिए।
रामड़ी बाजार क्षेत्र में भी हाथी के पहुंचने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने लोगों से हाथियों के पास न जाने, उन्हें उकसाने या फोटो खींचने के लिए नजदीक न पहुंचने की सलाह दी है।