कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने सोमवार को क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम की दो नई बस सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कोटद्वार-गोपेश्वर तथा कोटद्वार-ऋषिकेश एम्स मार्ग पर संचालित होने वाली रोडवेज बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कोटद्वार से ऋषिकेश एम्स के लिए सीधी बस सेवा की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मरीजों, उनके परिजनों तथा उपचार के लिए ऋषिकेश आने-जाने वाले लोगों को अब इस सेवा से बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश स्थित एम्स प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में से एक है। ऐसे में कोटद्वार से सीधे एम्स तक बस सेवा शुरू होने से मरीजों को बार-बार वाहन बदलने की समस्या से मुक्ति मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार-गोपेश्वर बस सेवा शुरू होने से गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे यात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप नई सेवाएं शुरू की जा रही हैं। कोटद्वार, जो प्रदेश का प्रवेश द्वार और महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं शैक्षणिक केंद्र है, वहां से बेहतर परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के आधार पर जारी रखा जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नई बस सेवाओं के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।