आधार कार्ड से वंचित पात्र नागरिकों के लिए विशेष पहल, आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 11 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे जिला कार्यालय, पौड़ी में विशेष आधार नामांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को आधार नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिनका आधार कार्ड किसी कारणवश अब तक नहीं बन पाया है।

विशेष शिविर में 18 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के ऐसे नागरिकों के आधार नामांकन को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अभी तक आधार संख्या प्राप्त नहीं कर सके हैं। शिविर में आधार नामांकन के लिए 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के आवेदकों को मतदाता पहचान पत्र अथवा ऑनलाइन सीआरएस पोर्टल से जारी जन्म प्रमाण पत्र अथवा फोटो एवं बारकोड/क्यूआर कोड युक्त ऑनलाइन स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।

इसी प्रकार 18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए ऑनलाइन सीआरएस पोर्टल से जारी जन्म प्रमाण पत्र अथवा फोटो एवं बारकोड/क्यूआर कोड युक्त स्थायी निवास प्रमाण पत्र, माता अथवा पिता का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

शिविर में उन व्यक्तियों को भी विशेष रूप से सुविधा प्रदान की जाएगी, जिनका आधार नामांकन पूर्व में फिंगरप्रिंट कैप्चर न होने अथवा आइरिस प्रमाणीकरण संबंधी तकनीकी कारणों से लंबित रह गया था। ऐसे नागरिक निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर अपने आधार नामांकन अथवा लंबित प्रक्रिया का निस्तारण करा सकेंगे। इससे आधार से वंचित नागरिकों को पहचान संबंधी आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आधार नामांकन से वंचित पात्र नागरिकों तक इस महत्वपूर्ण सुविधा को पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। सभी इच्छुक नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर आधार नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *