जसपाल नेगी
पौड़ी। श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबल लेन का कार्य शुरू हो गया है। परसुंडाखाल तक डबल लेन का कार्य किया जाएगा। राजमार्ग के चौड़ीकरण से यातायात सुगम हो जाएगा। लोनिवि एनएच खंड श्रीनगर के मुताबिक अभी तक राजमार्ग के 3किमी पर कार्य पूरा कर लिया है। शेष कार्य भी गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। इन दिनों वन विभाग के साथ समंवय बनाकर पेड़ों के पातन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण व सुधारीकरण की मांग पिछले लंबे समय से की जा रही थी। लोनिवि एनएच खंड श्रीनगर ने 2021-22 में श्रीनगर से परसुंडाखाल के बीच चौड़ीकरण का प्रस्ताव केंद्रीय भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय केंद्र सरकार को भेजा था। जिसे साल 2023 में स्वीकृति मिली। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से वन भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिलने के बाद अब राजमार्ग के चौड़ीकरण व सुधारीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुधारीकरण से जहां यातायात सुगम होगा वहीं मुसाफिरों को अंधे मोड़ो से भी निजात मिलेगी। लोनिवि एनएच खंड श्रीनगर के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबल लेन का कार्य हो गया है। योजना के तहत राजमार्ग श्रीनगर से परसुंडाखाल तक डबल लेन किया जाएगा। बताया कि राजमार्ग पर गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभी तक 3किमी का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन दिनों राजमार्ग पर विभिन्न प्रजाति के पेड़ों को हटाने को लेकर वन विभाग के साथ समंवय स्थापित कर प्रक्रिया की जा रही है।