गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के तत्वाधान में आयोजित 12 दिवसीय स्पोर्ट्स कैंप का शुभारंभ

गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर, लैंसडौन के तत्वाधान में खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा विद्यार्थियों में खेल कौशल विकसित करने के उद्देश्य से 12 दिवसीय खेल प्रशिक्षण शिविर का आज डायस स्टेडियम में विधिवत शुभारंभ किया गया।इस शिविर का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल के करकमलों द्वारा किया गया।

यह निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर 18 मार्च से 29 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में लैंसडाउन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 6 से 11 तक के लगभग 100 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन, समर्पण और टीम भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

शिविर के अंतर्गत क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं फुटबॉल जैसी खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया है, जो प्रतिभागियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने विद्यालय के चेयरमैन महोदय का विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के विशेष अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी प्रतिभागी इस प्रशिक्षण का लाभ उठाते हुए अपने खेल कौशल को निखारेंगे तथा भविष्य में अपने विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर कर्नल कुलदीप सिरोही (सेना मेडल), मेजर अमरकांत, मेजर फ्रांसिस, विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *