कमेड़ा न्याय पंचायत में आयोजित हुआ बहुउद्देश्यीय शिविर

पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देशन पर जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत कमेड़ा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 12 शिकायतें दर्ज की हुई, जिनमें अधिकांश का मौके पर समाधान कर दिया गया।

सोमवार को आयोजित शिविर के दौरान 245 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में 510 लोगों ने प्रतिभाग कर शिविर का लाभ उठाया।

शिविर की अध्यक्षता अधिशासी अभियंता सिंचाई अनिल राठौर ने की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ और समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ऐसे शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो पाया है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, राजस्व, वन विभाग, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी तथा कई पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजना लाभ प्रदान किए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, एडीओ पंचायत हुसैन अली, ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *