कोटद्वार में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की जान चली गई। यह हादसा दुगड्डा स्थित पार्क के समीप हाईवे पर हुआ, जहां गैस सिलिंडर से लदे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।वह स्थानीय विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था ।घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी के अनुसार, दुगड्डा निवासी रविकांत गिरि का पुत्र अभिनंदन (7) घर के पास स्थित पार्क में खेलने गया था। शाम को घर लौटते समय वह हाईवे पार कर रहा था, तभी कोटद्वार की ओर से आ रहे गैस सिलिंडर से भरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पास के बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल बालक को 108 आपातकालीन सेवा वाहन से बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
अभिनंदन के पिता रविकांत गिरी यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर सेवारत हैं।अभिनंदन अपने दादा-दादी के साथ दुगड्डा में रहकर पढ़ाई कर रहा था।